पांवटा साहिब होली मेले में झूलों के रेट वाला बोर्ड बना चर्चा का विषय, गणित पर उठे सवाल
पांवटा साहिब (सिरमौर): पांवटा साहिब में इन दिनों चल रहे होली मेले के दौरान नगर परिषद की एक छोटी सी गलती चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। मेले में लगाए गए झूलों के रेट से संबंधित एक बोर्ड सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच खूब चर्चा बटोर रहा है।
बताया जा रहा है कि मेले में नगर परिषद द्वारा झूलों के किराये की जानकारी देने के लिए एक बोर्ड लगाया गया है। लेकिन इस बोर्ड पर रेट जिस तरह से लिखे गए हैं, उसे देखकर लोग हैरान भी हैं और मजाक भी बना रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बोर्ड पर लिखी गई गणना समझ से बाहर है और ऐसा लग रहा है मानो गणित के नियम ही बदल गए हों।
Also Read
🔴 जिला सिरमौर में होली की धूम, भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने भी मनाई होली
कुछ लोगों ने व्यंग्य करते हुए कहा कि हमने तो “60 + 10 = 70 पढ़ा था, लेकिन 60 + 10 = 80 दर्शाया गया है ” ऐसा नया गणित पहली बार देखने को मिल रहा है। वहीं कई नागरिकों का कहना है कि यह साफ तौर पर लापरवाही का मामला है। उनका कहना है कि अगर रेट स्पष्ट और सही तरीके से लिखे जाते तो मेले में आने वाले लोगों को किसी भी तरह का भ्रम नहीं होता।
कुछ लोगों ने यह आशंका भी जताई कि इस तरह की अस्पष्ट जानकारी से ठेकेदारों को मनमाने तरीके से पैसे वसूलने का मौका मिल सकता है। उनका कहना है कि जब नगर परिषद खुद बोर्ड लगवा रही है तो उस पर दी गई जानकारी भी पूरी तरह सही और स्पष्ट होनी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद पांवटा साहिब से मांग की है कि इस गलती को जल्द से जल्द सुधारा जाए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को सही रेट की जानकारी मिल सके।
फिलहाल यह बोर्ड लोगों के बीच चर्चा और हास्य का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि नगर परिषद इस गलती को जल्द सुधारती है या मामला इसी तरह चर्चा का विषय बना रहता है।
