राज्यसभा चुनाव: हिमाचल से कांग्रेस ने अनुराग शर्मा पर लगाया दांव, आज भरेंगे नामांकन
शिमला। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के रूप में कांगड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनुराग शर्मा के नाम पर मुहर लगा दी है। कांग्रेस हाईकमान की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची में हिमाचल से अनुराग शर्मा को मौका दिया गया है। उनके नाम की घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार अनुराग शर्मा आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की मौजूदगी में विधानसभा सचिवालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले मुख्यमंत्री सुक्खू विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक भी करेंगे। इस बैठक में राज्यसभा चुनाव को लेकर रणनीति के साथ-साथ प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
संगठन से जुड़े रहे हैं अनुराग शर्मा
अनुराग शर्मा लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े रहे हैं और फिलहाल कांगड़ा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के कारण उन्हें पार्टी के भीतर मजबूत कार्यकर्ता नेता के रूप में देखा जाता है। उनके उम्मीदवार बनाए जाने से खासकर कांगड़ा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।
राजनीतिक गलियारों में अनुराग शर्मा को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी नेताओं में भी गिना जाता है। इसके अलावा वे बीड़-बिलिंग पैरा ग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की पैरा ग्लाइडिंग चैंपियनशिप के आयोजन के लिए जानी जाती है।
बदले राजनीतिक समीकरण
राजनीतिक रूप से दिलचस्प बात यह भी है कि अनुराग शर्मा पहले कांग्रेस के पूर्व नेता सुधीर शर्मा के करीबी माने जाते थे। हालांकि अब सुधीर शर्मा भारतीय जनता पार्टी से विधायक हैं, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में समीकरण बदल चुके हैं।
9 अप्रैल को खत्म हो रहा मौजूदा कार्यकाल
हिमाचल प्रदेश से भाजपा की राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल को पूरा होने जा रहा है। इससे पहले नए सांसद का चुनाव किया जाना है। राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया के तहत आज नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे, जबकि कल नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार विधानसभा में कांग्रेस के संख्याबल को देखते हुए अनुराग शर्मा का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और आगामी चुनावी औपचारिकताओं पर टिकी हुई हैं।
