HP Budget 2026: 21 मार्च को पेश होगा बजट, 2 अप्रैल तक चलेगा विधानसभा सत्र
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 18 मार्च से फिर से शुरू होगा और 21 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। यह उनके कार्यकाल का चौथा बजट होगा, जिस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं।
विधानसभा सचिवालय की ओर से मंगलवार देर शाम जारी अधिसूचना के अनुसार, बजट सत्र 2 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़े वित्तीय प्रावधानों, योजनाओं और नीतिगत घोषणाओं पर चर्चा होगी।
संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 और 19 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 21 मार्च को मुख्यमंत्री सदन में वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करेंगे।
ये भी पढ़ें
🔴 Himachal News: सीबीएसई स्कूलों में टीचर टेस्ट पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार से एक हफ्ते में जवाब तलब
🔴 सिरमौर में जिला परिषद वार्डों का परिसीमन फाइनल, कई नई ग्राम सभाओं का गठन
23 से 25 मार्च तक बजट पर विस्तृत चर्चा होगी और सदस्यों द्वारा कट मोशन प्रस्ताव भी लाए जाएंगे। 30 मार्च को सदन में बजट पारित किए जाने की संभावना है।
31 मार्च को शासकीय और विधायी कार्य संपन्न होंगे। इसी दिन गैर-सरकारी सदस्य दिवस भी निर्धारित किया गया है। इसके बाद 1 और 2 अप्रैल को भी शासकीय और विधायी कार्यों के साथ सत्र का समापन होगा।
इस बजट में सरकार से विकास परियोजनाओं, रोजगार सृजन, बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई घोषणाओं की उम्मीद की जा रही है। खासतौर पर आर्थिक संतुलन और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को लेकर सरकार की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।
‘दैनिक जनवार्ता’ अपने पाठकों तक बजट से जुड़ी हर बड़ी घोषणा और विश्लेषण सबसे पहले पहुँचाने के लिए कृतसंकल्प
