पांवटा साहिब: सिरमौर पुलिस की मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर पुलिस की स्पैशल डिटेक्शन टीम ने 1.258 किलोग्राम चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस थाना पुरुवाला में मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई कर रही है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक स्पेशल डिटेक्शन टीम बांगरन चौक के पास गश्त पर मौजूद थी, तभी टीम को गुप्त सुत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक अवैध नशे के धंधे में संलिप्त हैं और इस समय कार नंबर सीएच 04सी 7097 से नशे की खेप लेकर जा रहे हैं।
आरोपियों की पहचान
सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए एसआईयू टीम ने उक्त कार की तलाशी ली और 1.258 किलोग्राम चरस बरामद की। आरोपियों की पहचान लक्ष्य नेगी पुत्र नरेश, निवासी गांव गोजर अडेन, पांवटा साहिब और यश पुत्र ओम प्रकाश, निवासी डोंडली, पांवटा साहिब के तौर पर हुई है।
मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज
उपरोक्त दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस थाना पुरुवाला में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20, 29, 61, 85 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है ताकि अन्य साथी तस्करों का भी पता लगाया जा सके।
