पांवटा साहिब : बस स्टैंड पर बाइक को लेकर विवाद, युवक से मारपीट; मामला दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब बस स्टैंड पर बाइक को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद घायल युवक ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, भगवानपुर निवासी इसरार अली पुत्र मुशर्रफ अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद था, तभी तीन युवकों ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक लगाकर उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने उसके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। घायल युवक ने उपचार करवाने के साथ ही पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
Also Read
🔴 पांवटा साहिब में जमीन पर कब्जे का प्रयास, प्रिंटिंग प्रेस की दीवार तोड़ने का आरोप; मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश जारी है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड जैसे व्यस्त क्षेत्र में इस प्रकार की घटनाएं चिंता का विषय हैं। पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।
