नालागढ़ की ग्रीन लेम कंपनी में दूसरे दिन भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी
सोलन। जिला सोलन के नालागढ़ क्षेत्र में स्थित ग्रीन लेम कंपनी में आयकर विभाग की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। पंजेहरा में स्थित इस प्लाई निर्माण इकाई में शुक्रवार को भी जांच टीम पूरे दिन दस्तावेजों की पड़ताल करती रही।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह आयकर विभाग की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां अचानक कंपनी परिसर में पहुंचीं। इसके बाद कंपनी के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया और सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई।
कर्मचारियों के फोन कब्जे में, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
कार्रवाई के दौरान कंपनी में मौजूद कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। वहीं, उनके मोबाइल फोन अस्थायी रूप से अपने कब्जे में ले लिए गए। सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को भी फोन बंद रखने के निर्देश दिए गए।
Also Read
🔴 हिमाचल में आईटीआई का सिलेबस बदलेगा: अब उद्योगों की मांग के अनुसार तैयार होंगे प्रशिक्षु
सूत्रों के अनुसार, यह टीम दिल्ली से पहुंची है और आयकर से संबंधित संभावित अनियमितताओं को लेकर जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारी कंपनी के वित्तीय लेन-देन, खातों और अन्य अहम दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
तलाशी और दस्तावेजों की गहन पड़ताल
फैक्ट्री परिसर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों की भी तलाशी ली गई। पूरे परिसर को चारों ओर से पुलिस बल ने घेर रखा है, जिससे किसी प्रकार की आवाजाही न हो सके।
हालांकि, आयकर विभाग की ओर से अब तक इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।
