पांवटा साहिब में महिला के बैंक खाते से धोखाधड़ी, नेट बैंकिंग व UPI से निकाले पैसे
पांवटा साहिब (सिरमौर)।
बैंक खाते से धोखाधड़ी कर पैसे निकालने का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में एक महिला की शिकायत पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सुदेश पत्नी स्वर्गीय जगबीर, वर्तमान निवासी बद्रीपुर, तहसील पांवटा साहिब तथा स्थायी निवासी नलहेड़ा गुज्जर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिल्लू उर्फ विलाल पुत्र याकूब, निवासी ग्राम हतछोया, पोस्ट ऑफिस ऊन, थाना झिंझयाणा, तहसील ऊना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) ने उसके बैंक खाते से धोखाधड़ी कर पैसे निकाल लिए।
Also Read
🔴 पांवटा साहिब: यमुना पार्क में युवक पर हमला, 5-6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने नेट बैंकिंग और UPI के माध्यम से उसके खाते से बिना अनुमति रकम ट्रांसफर की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिन्त सिंह नेगी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
