Table of Contents
जगत सिंह नेगी ने शिरूमाईला में पीसीडीओ व एचपी-शिवा क्लस्टर डूंगीसेर का किया निरीक्षण
ददाहू में राजस्व लोक अदालत में सुनी लोगों की समस्याएं
नाहन (सिरमौर)। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं लोक शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने जिला सिरमौर के प्रवास के दौरान तहसील ददाहू में आयोजित राजस्व लोक अदालत में विशेष रूप से शिरकत की। इसके बाद उन्होंने शिरूमाईला स्थित फल पौध एवं प्रदर्शन केंद्र (PCDO) और एचपी-शिवा क्लस्टर इकाई डूंगीसेर का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
राजस्व लोक अदालत में दिए त्वरित निपटान के निर्देश
राजस्व मंत्री ने लोक अदालत में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों के भूमि विवाद, इंतकाल, तकसीम, निशानदेही और राजस्व रिकॉर्ड सुधार से जुड़े मामलों की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का त्वरित, सरल और सुलह-आधारित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि राजस्व लोक अदालत प्रदेश सरकार की जन-हितैषी पहल है, जिसका उद्देश्य आम लोगों को पारंपरिक राजस्व अदालतों की तुलना में कम खर्च, कम औपचारिकता और शीघ्र निपटान वाला मंच उपलब्ध कराना है।
Also Read
🔴 पांवटा साहिब में दिन के समय खनन सामग्री वाहनों पर रोक, डीसी प्रियंका वर्मा का आदेश लागू
शिरूमाईला में फल पौध एवं प्रदर्शन केंद्र का निरीक्षण
शिरूमाईला स्थित पीसीडीओ के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न प्रजातियों के फलदार पौधों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को मौसम आधारित फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय बागवान आधुनिक व लाभकारी प्रजातियों से प्रेरित होकर अपनी आर्थिकी मजबूत कर सकें।
एचपी-शिवा परियोजना से बागवानी क्षेत्र को नई दिशा
बागवानी मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में एचपी-शिवा परियोजना के माध्यम से प्रदेश में बागवानी क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सरकार ने योजना में बदलाव करते हुए अब तीन मालिकों की तीन हेक्टेयर भूमि पर, सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने की स्थिति में, योजना का लाभ देने का प्रावधान किया है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत
👉 पौधारोपण
👉 उच्च-घनत्व बागवानी तकनीक
👉 सुनिश्चित सिंचाई सुविधा
सौर बाड़बंदी
👉 पैक-हाउस एवं फल प्रोसेसिंग यूनिट
👉उत्पाद को बाजार तक पहुंच
जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं, जिससे उत्पादन, गुणवत्ता और बाजार मूल्य को जोड़ा जा सके और किसानों को पूर्ण आर्थिक लाभ मिल सके।
सिरमौर में इतने क्लस्टर, लाखों पौधे होंगे रोपित
मंत्री ने जानकारी दी कि जिला सिरमौर में वर्तमान में 10 क्लस्टरों के माध्यम से 52.82 हेक्टेयर भूमि पर 62,259 फलदार पौधे लगाए जा चुके हैं। जल्द ही 24 क्लस्टरों के माध्यम से 132 हेक्टेयर भूमि पर 1,32,000 फलदार पौधे रोपित किए जाएंगे।
उन्होंने विधायक नाहन अजय सोलंकी के साथ डूंगीसेर व जुडग क्लस्टर इकाइयों का भी निरीक्षण किया और क्लस्टर मालिकों की समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सहायक शिवा परियोजना अधिकारी डॉ. रमल अंगरिया, उपनिदेशक बागवानी डॉ. संतोष बक्शी, तहसीलदार ददाहू जय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
