Table of Contents
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, कैंसर से चल रही थी लंबी जंग
नई दिल्ली: ग्रेटर नोएडा से भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह के परिवार को लेकर दुखद खबर सामने आई है। रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का देर रात निधन हो गया। वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती थे।
परिजनों के अनुसार खानचंद सिंह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे। पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत बेहद नाजुक बनी हुई थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
Also Read
टी20 वर्ल्ड कप के बीच पिता से मिलने पहुंचे थे रिंकू
बताया जा रहा है कि पिता की गंभीर हालत की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह जारी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच स्वदेश लौट आए थे और अस्पताल में उनसे मुलाकात की थी। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले से पहले वह दोबारा टीम से जुड़ गए थे।
अब पिता के निधन की खबर मिलते ही रिंकू सिंह के तुरंत भारत लौटने की जानकारी सामने आ रही है। आगे वह टूर्नामेंट में टीम इंडिया का हिस्सा बने रहेंगे या नहीं, इस पर अभी आधिकारिक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
संघर्षों से भरी रही परिवार की कहानी
रिंकू सिंह ने अपने करियर की शुरुआत बेहद साधारण पृष्ठभूमि से की थी। उनके पिता खानचंद सिंह ने परिवार के लिए कड़ी मेहनत की और बेटे को क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए हर संभव समर्थन दिया। रिंकू की सफलता के पीछे उनके पिता का बड़ा योगदान माना जाता है।
इस दुखद घड़ी में क्रिकेट जगत और उनके प्रशंसक परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
