कालाअंब–त्रिलोकपुर सड़क मेले से पहले होगी दुरुस्त, इंटरलॉक टाइलें भी लगेंगी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से ऐतिहासिक तीर्थ स्थल त्रिलोकपुर को जोड़ने वाली संपर्क सड़क को नवरात्र मेले से पहले दुरुस्त करने की तैयारी तेज हो गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और यातायात दबाव को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सुधारीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नाहन में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि नवरात्र मेले से पूर्व सड़क की हालत सुधारना प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके बाद विभाग ने सड़क मरम्मत के लिए विस्तृत प्राकलन तैयार कर बजट स्वीकृति हेतु भेज दिया है।
Also Read
🔴 ऊना: राजीव बिंदल का कांग्रेस सरकार पर बड़ा हमला, बोले- पुलिस टकराव से संघीय ढांचे को नुकसान
खराब हिस्सों पर विशेष फोकस
जानकारी के अनुसार रामपुर जट्टान और जोहड़ों के बीच, कत्था फैक्ट्री के पास सड़क का हिस्सा काफी समय से क्षतिग्रस्त है। इस हिस्से पर इंटरलॉक टाइलें बिछाने का कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू किए जाने के संकेत विभाग ने दिए हैं, ताकि बरसात या भारी यातायात के दौरान सड़क दोबारा खराब न हो।
मेले से पहले काम पूरा करने का लक्ष्य
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता आलोक जानवेजा ने बताया कि कालाअंब–त्रिलोकपुर मार्ग को नवरात्र मेले से पहले हर हाल में सुधार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट स्वीकृति मिलते ही व्यापक स्तर पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा और प्राथमिकता उन हिस्सों को दी जाएगी, जहां आवागमन में अधिक दिक्कत आ रही है।
नवरात्र मेले के दौरान त्रिलोकपुर मंदिर में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क का बेहतर होना प्रशासन और विभाग दोनों के लिए अहम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क सुधार कार्य को लेकर उम्मीद जताई है कि इस बार मेले से पहले स्थिति में स्पष्ट सुधार दिखाई देगा।
