महिला प्रशिक्षु को अश्लील मैसेज भेजने पर हैड कांस्टेबल ससपेंड, विभागीय जांच के आदेश
कांगड़ा। पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह में प्रशिक्षण ले रही एक महिला प्रशिक्षु कांस्टेबल को कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में तैनात हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सौम्या सांबशिवन, डीआईजी उत्तरी रेंज, ने तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशिक्षु महिला कांस्टेबल ने लगभग पांच दिन पूर्व डीआईजी उत्तरी रेंज को लिखित शिकायत सौंपी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संबंधित हेड कांस्टेबल द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे थे। महिला कर्मी ने अपने आरोपों के समर्थन में स्क्रीनशॉट सहित डिजिटल साक्ष्यों का भी उल्लेख किया है।
सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर की गई जांच में आरोप प्रथम दृष्टया गंभीर पाए गए। इसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया। विभागीय जांच में यह भी परखा जाएगा कि कहीं आरोपी ने अपने पद का दुरुपयोग तो नहीं किया। साथ ही, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट) और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की संभावनाओं की भी समीक्षा की जाएगी।
Also Read
🔴 नाहन में बुजुर्ग महिला को बाइक ने मारी टक्कर, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस विभाग के अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल माध्यम से होने वाले उत्पीड़न के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी व विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
इस मामले पर हिमाचल प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी ने कहा कि प्रशिक्षण के लिए आई युवती की शिकायत पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निष्पक्ष जांच के माध्यम से पीड़िता को न्याय मिलेगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
