राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का 4 दिवसीय सिरमौर प्रवास तय
नाहन, 24 फरवरी। हिमाचल प्रदेश के राजस्व, उद्यान, जनजातीय विकास एवं लोक शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी 25 से 28 फरवरी 2026 तक जिला सिरमौर के चार दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा, निरीक्षण और शिलान्यास कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार 25 फरवरी को मंत्री दोपहर बाद कालाअंब के मोगीनंद स्थित मशरूम यूनिट का निरीक्षण करेंगे।
26 फरवरी को वे उपायुक्त कार्यालय में वन अधिकार अधिनियम के कार्यान्वयन संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही राजस्व मामलों और वर्ष 2023 से 2025 तक की आपदा स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। दोपहर बाद बागथन में जैव नियंत्रण प्रयोगशाला की आधारशिला रखी जाएगी तथा फल पौध एवं प्रदर्शन केंद्र (पीसीडीओ) का निरीक्षण किया जाएगा।
Also Read
🔴 पांवटा साहिब: गोविन्दघाट के पास युवक नशीले पदार्थ के सेवन में पकड़ा, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
27 फरवरी को मंत्री शिरूमाईला में फल पौध एवं प्रदर्शन केंद्र (पीसीडीओ) और एचपी शिवा क्लस्टर की इकाइयों—शिरूमाईला, डूंगीसेर और गौंत—का निरीक्षण करेंगे।
प्रवास के अंतिम दिन 28 फरवरी को वे राजगढ़ में पीसीडीओ और फ्रूट कैनिंग इकाई का दौरा करेंगे तथा स्थानीय किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनेंगे।
मंत्री के इस दौरे को जिले में उद्यान, राजस्व और किसान हित से जुड़े कार्यों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
