Himachal Education News: अप्रैल में शिक्षा विभाग का बड़ा ट्रांसफर प्लान, 10 हजार शिक्षक होंगे इधर-उधर
शिमला। हिमाचल प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र से पहले स्कूल शिक्षा विभाग बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी में जुट गया है। विभाग अप्रैल के पहले सप्ताह से करीब 10 हजार शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इसके साथ ही चयनित 145 सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की योजना को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है।
145 स्कूलों में लागू होगा सीबीएसई पैटर्न
राज्य सरकार द्वारा चुने गए 145 सरकारी स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। इन स्कूलों में विषयवार शिक्षकों की नई तैनाती की जाएगी। इसके लिए स्क्रीनिंग टेस्ट और मेरिट के आधार पर शिक्षकों का चयन किया जाएगा।
जो शिक्षक पहले से इन स्कूलों में कार्यरत हैं, उन्हें अन्य जरूरतमंद स्कूलों में समायोजित किया जाएगा, ताकि पूरे प्रदेश में शिक्षकों की उपलब्धता संतुलित हो सके।
नियमित ट्रांसफर प्रक्रिया भी साथ-साथ
विभागीय सूत्रों के अनुसार, हर वर्ष होने वाली नियमित ट्रांसफर प्रक्रिया भी इसी दौरान शुरू होगी। विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों की सूची तैयार की जा रही है और अप्रैल के पहले सप्ताह से आदेश जारी होने की संभावना है।
लंबे समय से एक ही स्टेशन या शहरी क्षेत्रों में तैनात शिक्षकों को बदला जा सकता है। खासतौर पर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में खाली पदों को भरने को प्राथमिकता दी जाएगी।
पदों का पुनर्गठन भी संभव
सूत्रों का कहना है कि जरूरत के अनुसार कुछ स्कूलों में विषयवार पदों का पुनर्गठन किया जा सकता है। वहीं, सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के पदों को भी नई तैनातियों और तबादलों के जरिए भरा जाएगा।
Also Read
🔴 कालाअंब में बिजली बिल बकायेदारों पर सख्ती: 15 उपभोक्ताओं के कटे कनेक्शन, 75 लाख रुपये बकाया
विभाग का लक्ष्य है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत तक अधिकांश स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर कर लिया जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई पर किसी प्रकार का प्रभाव न पड़े।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि विभाग पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में काम कर रहा है, जिससे सत्र शुरू होने से पहले सभी आवश्यक नियुक्तियां और तबादले हो सकें।
