पांवटा साहिब क्षेत्र में अवैध कटान, वन विभाग की दबिश पड़ते ही भागे माफिया
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र के कोदेवाला में वन माफियाओं द्वारा अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने जब मौके पर अचानक दबिश दी तो पेड़ों की कटाई कर रहे लोग औजार और कटी हुई लकड़ी छोड़कर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विभाग को पिछले कुछ समय से इलाके में अवैध कटान की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर टीम ने औचक निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों को ताजा कटे पेड़ों के ठूंठ, लकड़ी के गट्ठर और कटान में इस्तेमाल किए गए उपकरण बरामद हुए।
Also Read
🔴 नाहन में सड़क हादसा : पिकअप की टक्कर से बाइक सवार घायल, चालक के खिलाफ केस दर्ज
वन विभाग ने मौके से बरामद लकड़ी को कब्जे में लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक यह लकड़ी पांवटा साहिब वन मंडल की गिरिनगर रेंज की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि माफिया लकड़ी को हरियाणा-हिमाचल की सीमा पर स्थित बैरियर के पास नदी में छोड़कर फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने भी वन संपदा की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
