हिमाचल प्रदेश: शादी से इनकार पर बौखलाया युवक, युवती के घर लगाई आग; परिवार बाल-बाल बचा
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उपमंडल आनी की ग्राम पंचायत कुठेड़ के कटाहर गांव में एक युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने पर युवती के घर में आग लगा दी। राहत की बात यह रही कि पड़ोसियों की सतर्कता से परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए।
पहले दी थी जान से मारने की धमकी
पीड़ित राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि पंकज शर्मा नाम का युवक उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। जब परिवार ने रिश्ता ठुकरा दिया, तो आरोपी ने दो दिन पहले फोन पर धमकी दी थी कि अगर शादी नहीं हुई तो पूरे परिवार को घर समेत जला देगा।
रात में सोते समय लगाई आग
शुक्रवार रात करीब 10 बजे परिवार खाना खाकर सो गया था। करीब आधे घंटे बाद घर की बाहरी दीवारों से आग की लपटें उठने लगीं। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने आग देखी और शोर मचाया, जिससे परिवार की नींद खुल गई और वे तुरंत बाहर निकल आए।
Also Read
आग बुझाने में जुटे ग्रामीण
घटना के बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे और मिलकर आग बुझाई। आरोपी वारदात के बाद अपनी गाड़ी में बैठकर फरार हो गया।
लाखों का सामान राख
आग से देवदार की लकड़ी, सेब की जालियां, प्लास्टिक किल्टे, ईंधन की लकड़ी और बिजली मीटर की तारें जलकर नष्ट हो गईं। सूचना मिलते ही लुहरी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी को लुहरी चौक से कार सहित गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी कुल्लू मदनलाल ने मामले की पुष्टि की है।
