बिलासपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नाकाबंदी के दौरान कार से 2 किलो से ज्यादा चरस बरामद
चार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला बिलासपुर के स्वारघाट थाना क्षेत्र में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान 2 किलो 317 ग्राम चरस बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी में पकड़ी गई गाड़ी
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात पुलिस ने सुन्हण के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की हुई थी। इसी दौरान मनाली की ओर से आ रही एक कार को संदेह के आधार पर रोका गया।
जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो डिग्गी में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में चरस बरामद हुई। बरामदगी के तुरंत बाद वाहन में सवार चारों युवकों को हिरासत में ले लिया गया।
मंडी और कुल्लू के आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंडी के बाली चौकी क्षेत्र के तीन लोगों और कुल्लू के भुंतर निवासी एक युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Also Read
अवैध बिक्री के लिए लाई जा रही थी चरस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद चरस को राज्य में अवैध रूप से बेचने के लिए लाया जा रहा था।
एसपी संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
