संधासू में पुलिस की कार्रवाई, पहले से रोहड़ू में भी दर्ज है नशा तस्करी का मामला
शिमला। शिमला जिला के चिड़गांव क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 4.53 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना चिड़गांव की टीम ने शुक्रवार को संधासू क्षेत्र में गश्त और निगरानी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.53 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक पिछले कुछ समय से इलाके में चिट्टा तस्करी के धंधे में संलिप्त था और स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई करता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि नशा तस्करी की पूरी चेन का खुलासा किया जा सके।
Also Read
🔴 सिरमौर में अवैध लकड़ी तस्करी का भंडाफोड़, वन विभाग ने निजी कार से की लकड़ी जब्त
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ 17 फरवरी 2026 को भी पुलिस थाना रोहड़ू में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बावजूद युवक नशा कारोबार में सक्रिय रहा।
फिलहाल पुलिस थाना चिड़गांव में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि चिट्टा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
