चौपाल में दर्दनाक हादसा: सेब के बगीचे में फिसलने से व्यक्ति की मौत
परिजन ले गए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
शिमला। चौपाल क्षेत्र के रुसलाह गांव में सेब के बगीचे में काम करते समय हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
जानकारी के अनुसार शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के तहत आने वाले रुसलाह गांव में शुक्रवार दोपहर यह दुखद घटना हुई। पुलिस को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी ली।
मृतक की पहचान 47 वर्षीय नरेश कुमार पुत्र मस्तराम निवासी गांव रुसलाह, तहसील नेरवा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पत्नी के साथ घर के पास सेब के बगीचे में काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पीछे की ओर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
Also Read
🔴 जिला परिषद सिरमौर के वार्ड रद्द, होगा पुनः परिसीमन; 7 दिन में दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां
परिजन और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेरवा पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और प्रारंभिक जांच में यह हादसा प्रतीत हो रहा है।
परिवार की ओर से किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया गया है। पुलिस ने औपचारिक कार्यवाही पूरी कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
