चंबा। जिले में बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चंबा-सलूणी मार्ग पर चकोली के पास जंगली जानवर को बचाने की कोशिश में एक पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक घायल हुआ, हालांकि उसकी जान बाल-बाल बच गई।
घायल चालक की पहचान मयूर खान पुत्र ताज दीन, निवासी गांव ग्रोण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर जंगली जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन का संतुलन खो बैठा और पिकअप सीधे खाई में गिर गई।
Also Read
🔴 ऊना में तलवार से हमला करने वाले दो आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि उसे केवल मामूली चोटें आईं और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। इस घटना को लेकर पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
चालक और ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह पहले से ही दुर्घटना संभावित माना जाता है। उनका कहना है कि यदि वहां क्रैश बैरियर लगा होता तो वाहन खाई में नहीं गिरता।
स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि चकोली के पास जल्द सुरक्षा इंतजाम किए जाएं और क्रैश बैरियर लगाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
