विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने की अगुवाई, माधव राय मंदिर से पड्डल मैदान तक पारंपरिक धूमधाम के साथ निकली जलेब
मंडी। छोटी काशी मंडी में चल रहे सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के तहत दूसरी पारंपरिक शाही जलेब गुरुवार को पूरे वैभव और परंपरागत अंदाज में निकाली गई। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए और पूरे नगर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में जलेब में भाग लिया। इस अवसर पर उन्हें मंडी की पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने राज देवता माधव राय मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और महोत्सव की सुख-समृद्धि की कामना की।
Also Read
🔴 एफटीए से हिमाचल-जेएंडके के सेब उत्पादकों को नुकसान होगा: सुखविंद्र सिंह सुक्खू
इसके पश्चात दूसरी शाही जलेब पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई। जलेब में सबसे आगे पुलिस का घुड़सवार दल रहा, जिसके पीछे पुलिस बल, सांस्कृतिक दल और विभिन्न देवी-देवताओं के सुसज्जित रथ शामिल हुए। देवलुओं के साथ झूमते-नाचते श्रद्धालु मंडी के माधव राय मंदिर से पड्डल मैदान तक पहुंचे। पूरे मार्ग पर हजारों लोगों की भीड़ इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए उमड़ी रही।
जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के दौरान शाही जलेब तीन बार निकाली जाती है। पहली जलेब महोत्सव के शुभारंभ पर, दूसरी मध्य चरण में और तीसरी जलेब समापन अवसर पर आयोजित होती है।
इस मौके पर कुलदीप पठानिया ने कहा कि मंडी नगर अपनी स्थापना के 500 वर्ष पूरे कर स्वर्णिम इतिहास रच रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी का गौरवशाली अतीत हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है और इसे सहेजकर रखना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विधायक चंद्रशेखर ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर, डीसी अपूर्व देवगन, एसपी विनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
