मेडिकल लीव पर पिकनिक मनाने वाले अधिकारी और स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी लेने का मामला अब केवल नायब तहसीलदार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके साथ छुट्टी पर गए आधा दर्जन स्टाफ सदस्य भी जांच के दायरे में आ गए हैं। प्रशासन ने पूरे प्रकरण को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सख्त रुख अपनाया है।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब उपमंडल की माजरा उपतहसील में तैनात नायब तहसीलदार ने बीमारी का हवाला देकर अवकाश लिया था। बाद में खुलासा हुआ कि वे करीब छह कर्मचारियों के साथ दूसरे राज्य घूमने गए हुए थे।
Also Read
🔴 कालाअंब सड़क हादसा: बाइक सवार से लिफ्ट लेना पड़ा महंगा, दम्पत्ति ने गंवाई जान
स्टाफ भी जांच के घेरे में
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, नायब तहसीलदार के साथ गए कर्मचारी भी बीमारी का हवाला देकर छुट्टी पर थे। एक साथ इतने कर्मचारियों की अनुपस्थिति से कार्यालय का काम प्रभावित हुआ। इसी वजह से अब केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि छुट्टी पर गए सभी कर्मचारियों से भी जवाब मांगा जा रहा है।
एसडीएम ने जारी किया नोटिस
मामला सामने आते ही एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही एक साथ छह से अधिक कर्मचारियों को छुट्टी देने और बीमारी की छुट्टी का दुरुपयोग करने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप है। माना जा रहा है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित अधिकारी और स्टाफ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई तय है।
कुल मिलाकर, बीमारी का बहाना बनाकर छुट्टी लेकर सामूहिक रूप से घूमने जाना अब नायब तहसीलदार ही नहीं, पूरे स्टाफ पर भारी पड़ता दिख रहा है।
