शिमला के जांगला क्षेत्र में सनसनी, आखिरी बार साथ देखे गए लोगों की तलाश में जुटी पुलिस
शिमला: जिले के चिड़गांव क्षेत्र की उपतहसील जांगला के बडियारा गांव में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने हत्या करने के बाद शव को पब्बर नदी किनारे फेंक दिया। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने क्षत-विक्षत हालत में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सेती राम उर्फ राकेश प्रताप (करीब 46 वर्ष), निवासी सल्याणी जिला नेपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बडियारा में एक स्थानीय व्यक्ति के पास मजदूरी करता था।
प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
Also Read
🔴 पांवटा साहिब में गिरि नदी किनारे युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका से क्षेत्र में फैली दहशत
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक को मंगलवार शाम कुछ नेपाली मूल के अन्य लोगों के साथ देखा गया था। बताया जा रहा है कि उसने दो साथियों के साथ शराब पी थी, जिसके बाद वह अचानक गायब हो गया। अगले दिन सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
पुलिस मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों की पहचान करने में जुटी है। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच भी की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होगा। फिलहाल संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
