मंदिर न्यास की अनूठी पहल — दान में मिले नए-पुराने सामान से गरीब परिवारों की होगी मदद
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध शक्ति पीठ त्रिलोकपुर मंदिर में जल्द ही “नेकी की दुकान” सजने जा रही है। मंदिर न्यास की इस अनूठी पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक कम कीमत पर उपयोगी सामान उपलब्ध करवाना है।
👉 जरूरतमंदों को मात्र 50 रुपये में मिलेगा सामान
मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष एवं नाहन के एसडीएम राजीव संख्यान ने बताया कि इस योजना के तहत गरीब और जरूरतमंद लोगों को केवल 50 रुपये में अपनी आवश्यकता के अनुसार सामान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
👉 दान से जुटेगा उपयोगी सामान
उन्होंने बताया कि नेकी की दुकान में पुराने मोबाइल फोन, पुस्तकें, पहनने योग्य कपड़े, घरेलू उपयोग का इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। ये सभी वस्तुएं समाजसेवियों और दानी सज्जनों द्वारा दान स्वरूप दी जाएंगी।
👉 नया और पुराना दोनों सामान किया जा सकेगा दान
योजना के तहत लोग नए सामान के साथ-साथ पुराना लेकिन अच्छी स्थिति में मौजूद सामान भी दान कर सकेंगे। मंदिर न्यास इन सभी वस्तुओं को एक निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित तरीके से संजोकर रखेगा और इसका विधिवत रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा।
Also Read
🔴 पांवटा साहिब में गिरि नदी किनारे युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका से क्षेत्र में फैली दहशत
👉 समाज सेवा की दिशा में सकारात्मक पहल
मंदिर न्यास उपाध्यक्ष ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद वर्ग की मदद करना है, ताकि वे कम कीमत पर अपनी जरूरत की वस्तुएं प्राप्त कर सकें।
👉 स्थानीय लोगों ने की सराहना
स्थानीय लोगों में पवन शर्मा, मोहित, सुभाष, संजय सिंगला, दिनेश ठाकुर और अरुण ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज सेवा की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे और जरूरतमंद परिवारों को राहत मिलेगी।
