पांवटा साहिब में गिरि नदी किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में गिरि नदी के किनारे स्थित एक स्टोन क्रशर परिसर से 19 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध हालात में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह साइट पर काम करने पहुंचे लोगों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे क्रशर प्लांट के मुंशी ने परिसर के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। गिरि नदी से सटे क्षेत्र में मिले शव की पहचान विकास उर्फ ध्रुव (19) पुत्र किरण कुमार, निवासी गांव डोबरी सालवाला के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फोरेंसिक टीम के आने तक पूरे घटनास्थल को सुरक्षित रखा। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक उसी क्रशर में ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्यरत था। फिलहाल किसी पुरानी रंजिश या विवाद की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
Also Read
जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, जिसमें मृतक सहित कुछ युवक तेज रफ्तार ट्रैक्टर से उसी दिशा में जाते नजर आए।
फोरेंसिक, साइबर टीम और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर खून के नमूने, मिट्टी, फिंगरप्रिंट सहित कई अहम साक्ष्य एकत्र किए। जांच अधिकारियों का कहना है कि सभी नमूनों को फोरेंसिक साइंस लैब भेजा जाएगा, जिसकी रिपोर्ट आने में लगभग एक माह का समय लग सकता है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं और मोबाइल फोन समेत अन्य वस्तुएं भी बरामद हुई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
