हिमाचल के 118 सरकारी स्कूलों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड संबद्धता, चरणबद्ध तरीके से लागू हो रही प्रक्रिया
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर के मानकों से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से संबद्धता के लिए अनुमोदित 130 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में से 118 स्कूलों को औपचारिक मंजूरी मिल चुकी है, जबकि बाकी स्कूल अभी विभिन्न प्रक्रियात्मक चरणों में हैं।
शिक्षा विभाग के अनुसार संबद्धता प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित और चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है, ताकि बुनियादी ढांचा, शैक्षणिक संसाधन और प्रशासनिक मानकों से जुड़े सभी आवश्यक नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके लिए निदेशालय स्तर के साथ-साथ उपनिदेशक कार्यालयों में अलग से CBSE सेल भी स्थापित किए गए हैं, जो संबद्धता कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
स्कूल स्तर पर प्राचार्यों और तकनीकी सहायकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इस प्रशिक्षण में ऑनलाइन डेटा अपलोड, दस्तावेजों के सत्यापन और CBSE संबद्धता से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी शामिल है, ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
Also Read
🔴 हिमाचल में रिश्वत लेते पकड़ा गया वन रक्षक, विजिलेंस ने 5 हजार रुपये के साथ किया गिरफ्तार | Big News
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में CBSE से जुड़े सभी सरकारी विद्यालय पहली बार वर्ष 2028 में CBSE बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होंगे। वहीं शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाएं अभी हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के माध्यम से ही आयोजित होंगी।
सरकार का कहना है कि यह समय-सीमा इसलिए तय की गई है ताकि विद्यार्थियों को CBSE पाठ्यक्रम के अनुरूप पूरी अध्ययन अवधि मिल सके और वे नए शैक्षणिक ढांचे के अनुसार बेहतर तैयारी कर सकें।
इस फैसले को राज्य में शिक्षा गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल का लाभ मिलेगा।
