हिमाचल में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया वन रक्षक, विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई सफल
बद्दी (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के दभोटा क्षेत्र के माजरा में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक रक्षक को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीएसपी विजिलेंस डॉ. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी गई। आरोपी को बुधवार को सोलन की अदालत में पेश किया जाएगा।
शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार माजरा गांव के एक ग्रामीण ने अपने खेत में खड़े कुछ पेड़ काट दिए थे। इस मामले की सूचना संबंधित वन रक्षक समीर तक पहुंच गई। नियमों के तहत उसे कटे पेड़ों की डैमेज रिपोर्ट तैयार करनी थी। आरोप है कि वन रक्षक ने कार्रवाई को हल्का करने और मामले को रफा-दफा करने के बदले ग्रामीण से पांच हजार रुपये की मांग कर दी।
ग्रामीण ने रिश्वत की मांग से परेशान होकर विजिलेंस विभाग से संपर्क किया और पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने तुरंत ट्रैप की योजना बनाई और रिश्वत की रकम पर विशेष केमिकल लगाकर शिकायतकर्ता को सौंप दी।
पैसे लेते ही दबोचा गया आरोपी
मंगलवार को तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने वन रक्षक को बुलाया। जैसे ही आरोपी ने पैसे लिए, मौके पर पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे चारों ओर से घेरकर पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पूरी प्रक्रिया को कानूनी तरीके से पूरा किया गया।
विजिलेंस ने क्या कहा
डीएसपी विजिलेंस डॉ. प्रतिभा चौहान ने बताया कि आरोपी वन कर्मी मामले को दबाने के लिए लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत के बाद टीम ने ट्रैप बिछाया और जैसे ही उसने पैसे स्वीकार किए, उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
