फर्जी मार्कशीट मामला: एचपीयू में नियुक्त एक सहायक प्रोफेसर की 12वीं कक्षा की मार्कशीट निकली फर्जी
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में कार्यरत एक सहायक प्रोफेसर की 12वीं की फर्जी मार्कशीट का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कराए गए दस्तावेज सत्यापन में उनकी 12वीं कक्षा की मार्कशीट कथित रूप से फर्जी पाई गई है। फर्जी मार्कशीट मामले में पुलिस ने विश्वविद्यालय की शिकायत पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ज्ञान सागर नेगी के अनुसार संबंधित सहायक प्रोफेसर विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षण संस्थान (सीडीओई) में लोक प्रशासन विभाग में तैनात हैं। नियुक्ति के समय जमा किए गए शैक्षणिक दस्तावेजों का 18 फरवरी 2025 को स्कूल शिक्षा बोर्ड से सत्यापन कराया गया था। जांच के दौरान 12वीं की प्रस्तुत फर्जी मार्कशीट संदिग्ध पाई गई और रिकॉर्ड से मेल नहीं खाई।
फर्जी मार्कशीट मामले में दस्तावेज जांच में सामने आया अंतर
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, अभ्यर्थी द्वारा जमा अंकपत्र में सभी विषयों में उत्तीर्ण दिखाया गया था। हालांकि बोर्ड से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट में पता चला कि संबंधित अभ्यर्थी तीन विषयों में अनुत्तीर्ण था। इस विसंगति के बाद विश्वविद्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था।
नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर एचपीयू प्रशासन ने नियमानुसार बालूगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
Also Read
🔴 सिरमौर में 02 सड़क हादसे: नेपाली महिला-पुरुष की Tragic Death, टिप्पर बाइक की टक्कर में युवक गंभीर
🔴 Aaj Ka Rashifal 17 February 2026: सूर्य ग्रहण का प्रभाव, मेष से मीन तक जानें आज का भविष्यफल
फर्जी मार्कशीट मामले में आरोपी का पक्ष
सहायक प्रोफेसर ने आरोपों को लेकर अपनी सफाई भी दी है। उनका कहना है कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान विश्वविद्यालय ने नोटिस जारी किया था, जिसमें तीन विषयों में फेल होने का उल्लेख था। बाद में बोर्ड से जांच कराने पर पता चला कि परिणाम में केवल प्रायोगिक अंक दिखाई दे रहे थे, जबकि सैद्धांतिक अंक प्रदर्शित नहीं हो रहे थे।
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को संशोधित अंकपत्र विश्वविद्यालय को जमा करा दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद 29 जनवरी को बिना पूरी प्रक्रिया अपनाए उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी गई।
🔴 उच्च शिक्षा से संबंधित जानकारी और अन्य संसाधनों का पूर्ण विवरण!
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार विश्वविद्यालय की शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है और अब दस्तावेजों की सत्यता तथा अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।
