कांगड़ा जिले में स्मार्ट मीटर का कमाल, बंद खोखे का 82059 का बिल
कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश)। बिजली उपभोक्ताओं के लिए लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर अब कई जगहों पर परेशानी का कारण बनते दिख रहे हैं। ताजा मामला कांगड़ा जिले के जवाली उपमंडल के बग्गा क्षेत्र से सामने आया है, जहां दो महीने से बंद पड़े एक छोटे खोखे का 82 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल आने से हड़कंप मच गया है।
बंद खोखा, फिर भी भारी बिल
उपभोक्ता के अनुसार उसने जनवरी महीने में केवल 219 रुपये का बिल जमा करवाया था। इसके बाद उसका खोखा पूरी तरह बंद रहा और बिजली का इस्तेमाल भी नहीं हुआ। बावजूद इसके, जब हाल ही में नया बिल जारी हुआ तो उसमें 82,059 रुपये की राशि देखकर परिवार के होश उड़ गए।
पीड़ित का कहना है कि इतनी बड़ी रकम का बिल पूरी तरह गलत है और इसमें स्मार्ट मीटर की तकनीकी खामी की आशंका है। उसने बिजली बोर्ड से मीटर की जांच कर बिल को ठीक करने की मांग की है।
ये भी पढ़ें
🔴 नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा और जुर्माना, अदालत का Big Decision
🔴 लोक निर्माण विभाग की योजना, सड़कों, पुलों के निर्माण और रखरखाव से संबंधित जानकारी
इलाके में फैला डर और नाराजगी
इस घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्मार्ट मीटर पारदर्शिता लाने के बजाय उपभोक्ताओं के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच करवाने और खराब मीटरों को हटाने की मांग की है।
बोर्ड ने जांच का दिया आश्वासन
कुंदन सिंह, एसडीओ विद्युत बोर्ड कोटला ने कहा कि अभी तक उनके पास इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। जैसे ही उपभोक्ता आवेदन देगा, स्मार्ट मीटर की तकनीकी जांच कर समस्या का समाधान किया जाएगा और यदि गलती पाई गई तो उपभोक्ता को राहत दी जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद बिजली उपभोक्ताओं में स्मार्ट मीटर की विश्वसनीयता को लेकर नए सिरे से बहस शुरू हो गई है।
