धर्मशाला में चीनी नागरिक के बाद अब युगांडा की महिला बिना वैध दस्तावेज गिरफ्तार
धर्मशाला (कांगड़ा)। पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज में बिना वैध वीजा रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। हाल ही में एक चीनी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने युगांडा की एक महिला को भी हिरासत में लिया है, जो निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मैक्लोडगंज की टीम नियमित गश्त के दौरान योंगलिंग स्कूल के पास सीढ़ियों पर बैठी एक विदेशी महिला से पूछताछ के लिए रुकी। दस्तावेजों की जांच में पता चला कि महिला का वीजा 31 दिसंबर को ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वह क्षेत्र में ठहरी हुई थी।
महिला ने पुलिस को मोबाइल फोन में पासपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक यात्रा अनुमति की फोटो कॉपी दिखाई। जब मूल पासपोर्ट के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि वह दिल्ली स्थित युगांडा दूतावास में जमा है। ऑनलाइन रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर पुष्टि हुई कि वह तय अवधि से अधिक समय से भारत में रह रही थी।
ये भी पढ़ें
सूत्रों के मुताबिक महिला मैक्लोडगंज के एक निजी भवन में किराये पर रह रही थी। पुलिस ने मकान मालिक से विदेशी नागरिक के सी-फॉर्म और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा है।
इससे पहले भी इसी क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेज के रह रहे एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया था, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि महिला शमीम नाटूकुंडा के खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम 2025 की धारा 23 (ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
