गीजर चालू करते समय करंट लगने से प्रवासी युवक की मौत, पुलिस जांच में जुटी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के मतरालियों क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रहे उत्तर प्रदेश के एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 27 वर्षीय निखिल चौहान मूल रूप से सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था और काफी समय से पांवटा साहिब में काम करने के साथ-साथ मतरालियों में किराये के कमरे में रह रहा था। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे ड्यूटी से लौटने के बाद वह नहाने के लिए बाथरूम में गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही उसने गीजर चालू किया, उसे अचानक तेज करंट लगा और वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया।
कमरे में मौजूद अन्य साथियों ने गिरने की आवाज सुनी तो तुरंत बाथरूम में पहुंचे। वहां निखिल अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि युवक की मौत करंट लगने से हुई है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
