छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विशेषज्ञ ने दिए तनाव प्रबंधन के प्रभावी सुझाव
गोरखनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय में WDC की गतिविधियों की भी दी जानकारी।
नाहन (सिरमौर)। गोरखनाथ राजकीय संस्कृत महाविद्यालय में वीमेन डेवलपमेंट सेल (WDC) के तत्वावधान में “मानसिक स्वास्थ्य एवं तनाव प्रबंधन” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज की क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. सुरभि सूद मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत वीमेन डेवलपमेंट सेल की संयोजिका डॉ. विनिता पाल ने अतिथियों और विद्यार्थियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने सेल की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ाने के लिए समय-समय पर करियर काउंसलिंग, परामर्श सत्र और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
Also Read
🔴 किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, 04 की मौत, एक घायल
उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय में हर वर्ष वीमेन डेवलपमेंट सेल के अंतर्गत छात्रा इकाई का गठन किया जाता है। इसी क्रम में डॉ. सुरभि सूद ने नवगठित इकाई की अध्यक्ष इशिका शर्मा, उपाध्यक्ष सुमन, महासचिव अंशिता और मीडिया सचिव रितिका शर्मा को बैज पहनाकर सम्मानित किया।
अपने व्याख्यान में डॉ. सुरभि सूद ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर और महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। उन्होंने बताया कि परीक्षा का दबाव, प्रतिस्पर्धा, पारिवारिक परिस्थितियाँ और सामाजिक अपेक्षाएँ युवाओं में तनाव और चिंता को बढ़ा रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि यदि मानसिक परेशानी लंबे समय तक बनी रहे तो उसे अनदेखा न करें और समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लें। सही मार्गदर्शन से मानसिक समस्याओं पर आसानी से काबू पाया जा सकता है और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. ज्ञानेश्वर शर्मा ने वीमेन डेवलपमेंट सेल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. गिरिराज शर्मा, डॉ. सोमदत्त शर्मा, प्रोफेसर नीरजा तोमर, डॉ. सुमिता शर्मा, प्रोफेसर तारा चंद, प्रोफेसर नरेंद्र तोमर और शशि पाल सहित अन्य शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
अंत में छात्रा अध्यक्ष इशिका शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और उपयोगी बताया।
