किन्नौर में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, चार की मौत, एक घायल
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के भावानगर उपमंडल में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जानी लिंक रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार छोल्टू अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार यह सड़क हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब टापरी से जानी की ओर जा रही कार (एचपी 26 बी 8999) अचानक संतुलन खो बैठी और सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
Also Read
मृतकों और घायल की पहचान
इस सड़क हादसे में हिमेश कुमार (19) पुत्र नरेश कुमार निवासी जानी निचार, कृष्णा (42) पत्नी नरेश कुमार, सुषमा (47) पत्नी रोशन लाल निवासी ग्रांगे निचार और इंद्र लाल (30) पुत्र हरि लाल निवासी जानी की मौत हो गई। वहीं विद्या कृष्ण (32) पुत्र हरि लाल निवासी जानी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी टापरी भेज दिया है। कार्यवाहक एसपी एवं डीएसपी भावानगर राजकुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की, साथ ही घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बताया जा रहा है कि हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर सड़क की स्थिति और वाहन का नियंत्रण खोना संभावित वजह माना जा रहा है।
