धर्मशाला छात्रा मौत मामला: कोर्ट में जांच रिपोर्ट दाखिल, 17 फरवरी को अगली सुनवाई
कांगड़ा। धर्मशाला स्थित राजकीय महाविद्यालय की छात्रा की संदिग्ध मौत से जुड़े रैगिंग और यौन उत्पीड़न प्रकरण में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायालय में पुलिस ने मामले की अपडेटेड स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान अदालत के समक्ष मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट, मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच से जुड़े निष्कर्ष तथा आरोपी प्रोफेसर के लाई-डिटेक्टर, ब्रेन मैपिंग और वॉइस एनालिसिस टेस्ट से संबंधित दस्तावेज पेश किए गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी प्रोफेसर के ये वैज्ञानिक परीक्षण पिछले महीने शिमला में करवाए गए थे। रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों का अध्ययन अब अदालत द्वारा किया जा रहा है।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि 19 वर्षीय छात्रा लंबे समय से रैगिंग और कथित यौन उत्पीड़न से मानसिक दबाव में थी, जिसके चलते वह अवसाद में चली गई थी। उनका कहना है कि इसी तनाव के कारण 26 दिसंबर 2025 को उसकी मौत हुई।
ये भी पढ़ें
🔴 नकल करने पर हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय का Big Action, 33 छात्रों के पेपर रद्द
इस मामले में एक प्रोफेसर और चार छात्राओं के खिलाफ केस दर्ज है। शुक्रवार की सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 17 फरवरी तय की है। साथ ही आरोपी प्रोफेसर और दो छात्राओं को मिली अंतरिम जमानत भी अगली सुनवाई तक बढ़ा दी गई है।
अब पूरे मामले में अगली कार्यवाही और अदालत के रुख पर सभी की नजरें 17 फरवरी की सुनवाई पर टिकी हुई हैं।
