हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में सेमेस्टर परीक्षाओं में मोबाइल और पर्चियों से नकल करते पकड़े गए थे 35 छात्र
यूएमसी कमेटी की जांच के बाद हुई कड़ी कार्रवाई
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाओं में नकल के मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अनुचित साधनों (यूएमसी) की जांच करने वाली कमेटी की सिफारिश पर 33 विद्यार्थियों के उन पेपरों को रद्द कर दिया गया है, जिनमें वे नकल करते पकड़े गए थे।
विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 में आयोजित यूजी और पीजी सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान उड़नदस्ता टीमों ने कुल 35 विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा था। जांच के दौरान सामने आया कि कुछ छात्र मोबाइल फोन के जरिए हाईटेक तरीके से नकल कर रहे थे, जबकि कई के पास पारंपरिक लिखित पर्चियां भी बरामद हुईं।
मामले की जांच के लिए गठित यूएमसी कमेटी ने सभी विद्यार्थियों को अपना पक्ष रखने का मौका दिया। 3 फरवरी को सुनवाई के लिए 35 छात्रों को बुलाया गया था, जिनमें से 33 छात्र उपस्थित होकर अपना पक्ष रख पाए, जबकि दो छात्र अनुपस्थित रहे।
Also Read
🔴 Aaj Ka Rashifal 14 February 2026 इन राशियों के लिए है Amazing, जानें 12 राशिओं का राशिफल
कमेटी की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर 33 विद्यार्थियों के संबंधित पेपर रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा एक छात्र पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे एक वर्ष तक परीक्षा देने से वंचित कर दिया गया है। वहीं एक अन्य विद्यार्थी के मामले में उसका उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन करवाने के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और भविष्य में भी नकल के मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।
