त्रिलोकपुर में चैत्र नवरात्र मेला 19 मार्च से 2 अप्रैल तक होगा आयोजित, प्रशासन ने तैयार किया ये प्लान
नाहन (सिरमौर)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शुमार महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में इस वर्ष चैत्र नवरात्र मेला 19 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर उपायुक्त सिरमौर एवं मंदिर न्यास त्रिलोकपुर की आयुक्त प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मंदिर न्यास और प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कालाअंब से त्रिलोकपुर मुख्य मार्ग सहित सभी संपर्क सड़कों की समय रहते मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि मेले के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। एसडीएम नाहन को मुख्य मेला अधिकारी, तहसीलदार नाहन को मेला अधिकारी तथा डीएसपी नाहन को कानून-व्यवस्था और सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है। बेहतर प्रबंधन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
ये भी पढ़ें
🔴 चूड़धार में 8 फीट बर्फ, महाशिवरात्रि पर यात्रा न करने की श्रद्धालुओं से अपील | Big Update
🔴 किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं और कृषि से जुड़ी जानकारी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा होमगार्ड और निजी सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों की भी अस्थायी नियुक्ति की जाएगी। ट्रैफिक प्रबंधन इस प्रकार किया जाएगा कि स्थानीय निवासियों को भी असुविधा न हो।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अप्रैल को चौदस के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी और मेला क्षेत्र में पॉलिथीन के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सूचना केंद्र, वैकल्पिक यातायात मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, विद्युत सज्जा और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान केवल चयनित स्थानों पर ही भंडारों की अनुमति होगी। बैठक में उपमंडलाधिकारी नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास राजीव सांख्यान ने एजेंडा बिंदुओं को क्रमवार प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मंदिर अधिकारी, न्यास के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
