Table of Contents
🟥 स्कूल परिसर में घुसकर मिड-डे मील वर्कर की हत्या
कांगड़ा। कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल की ग्राम पंचायत चनौर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक सिरफिरे व्यक्ति ने स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर पर दराती से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के दौरान स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों व शिक्षकों में दहशत फैल गई।
🟥 मृतका और आरोपी की पहचान
मृतका की पहचान 59 वर्षीय सुलोचना देवी पत्नी विशंभर दास, निवासी चनौर के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने हत्या के आरोपी राकेश कुमार उर्फ मोनू (48) निवासी चनौर को गिरफ्तार कर लिया है।
🟥 बच्चों के सामने हुआ खूनी हमला
स्कूल की सेंटर हेड टीचर सरिता देवी ने बताया कि दोपहर के समय अचानक बच्चों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। जब वे मौके पर पहुंचीं तो सुलोचना देवी रसोई के बाहर खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं और आरोपी पास ही खड़ा धमकियां दे रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिक्षकों ने तुरंत बच्चों को कक्षाओं में बंद कर सुरक्षित किया, ताकि उन पर कोई खतरा न हो।
🟥 आरोपी को काबू करने के लिए लोगों ने किया प्रयास
घटना के दौरान आरोपी बेहद आक्रामक था और शिक्षकों को भी धमकाने लगा। शोर सुनकर पास के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षक भी मौके पर पहुंच गए। आरोपी काबू में नहीं आया तो लोगों ने पत्थर फेंककर उसे खदेड़ा, जिसके बाद वह वहां से फरार हो गया। तब तक सुलोचना देवी दम तोड़ चुकी थीं।
🟥 पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही डाडासीबा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
🟥 क्षेत्र में रोष, सुरक्षा पर उठे सवाल
स्कूल परिसर में हुई इस सरेआम हत्या से अभिभावकों, ग्रामीणों और शिक्षक वर्ग में भारी आक्रोश है। लोगों ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। घटना के बाद पूरे चनौर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
🟥 पुलिस क्या बोली
डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
🔴 सिरमौर में 5 अलग अलग आपराधिक मामले दर्ज, नशा व अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का Big Action
