Table of Contents
सिरमौर में 5 अलग अलग आपराधिक मामले दर्ज, नशा और अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का कड़ा प्रहार
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर में 5 अलग अलग आपराधिक मामले दर्ज करते हुए पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस की अलग-अलग टीमों ने गश्त और गुप्त सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की। सभी मामलों में नियमानुसार जांच जारी है।
पहला मामला: स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
पहले मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि एक युवक जल शक्ति विभाग कार्यालय के सामने गली में खड़ा है और उसके पास स्मैक/हेरोइन है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नितेश चौहान निवासी बनौर के कब्जे से 3.43 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की। इस संबंध में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरा मामला: ट्रक से भुक्की की बड़ी खेप पकड़ी
दूसरे मामले में SIU टीम को सूचना मिली कि एक ट्रक में बाहरी राज्य से भुक्की लाई जा रही है। पुलिस ने ट्रक नंबर HP71-4471 को रोककर तलाशी ली और आरोपी बिन्दर कुमार निवासी निहालगढ़ के कब्जे से 3 किलो 14 ग्राम भुक्की (पॉपी हस्क) बरामद की। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है ताकि सप्लाई नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
तीसरा मामला: 24 बोतल देशी शराब बरामद
पुलिस थाना नाहन की टीम ने गुप्त सूचना पर कुन्दन का बाग क्षेत्र में तलाशी के दौरान सोनू निवासी औरेया (यूपी) के पास से 24 बोतल देशी शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
चौथा मामला: 5 लीटर अवैध शराब जब्त
पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने गश्त के दौरान सिंघपुरा क्षेत्र में एक व्यक्ति की तलाशी ली। आरोपी गोरख सिंह निवासी सिंगपुरा के कब्जे से 5 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।
पांचवां मामला: बाइक सवार से 10 लीटर शराब बरामद
पांचवां मामला माजरा थाना क्षेत्र में सामने आया। पुलिस ने बाइक सवार सुनील कुमार निवासी अजीवाला को रोककर तलाशी ली और उसके पास से 10 लीटर अवैध शराब बरामद की। इस मामले में भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
एसपी बोले— अभियान जारी रहेगा
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि करते हुए कहा कि सिरमौर में दर्ज सभी आपराधिक मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशा और अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें
🔴 राज्यस्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए पीयूष का चयन, कोटड़ी व्यास के लिए Big Proud Moment
