पांवटा साहिब में अफीम तस्करी का भंडाफोड़
243.59 ग्राम अफीम के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर में अफीम तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 243.59 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अफीम तस्करी के आरोप में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक जिला सिरमौर की SIU टीम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि बेहड़ेवाला रोड, पांवटा साहिब के पास मोटरसाइकिल नंबर HP17E-5518 पर सवार तीन व्यक्ति लंबे समय से अफीम तस्करी में संलिप्त हैं और उनके पास भारी मात्रा में मादक पदार्थ हो सकता है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस की गाड़ी को देखते ही तीनों संदिग्ध मौके से भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चरणजीत सिंह पुत्र रांजा सिंह निवासी वार्ड नंबर 12, शुभखेड़ा, पांवटा साहिब और सूरज पुत्र रंजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर 12, शुभखेड़ा, पांवटा साहिब के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 243.59 ग्राम अफीम बरामद की गई।
ये भी पढ़ें
🔴 हमीरपुर में न्यायिक अधिकारी से 6 लाख की ऑनलाइन ठगी, बैंक अधिकारी बनकर दिया High Return का झांसा
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अफीम तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। तीसरा आरोपी हरपाल सिंह पुत्र इकबाल सिंह मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में धारा 18, 25, 29, 61 और 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि अफीम तस्करी में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं, नीतियों और सेवाओं के बारे में जानकारी यहां उपलब्ध है!
जिला सिरमौर में बढ़ती अफीम तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
