ठगों ने न्यायिक अधिकारी को बनाया निशाना, हाई रिटर्न के झांसे में 6 लाख की ऑनलाइन ठगी
हमीरपुर। साइबर अपराधी अब आम लोगों के साथ-साथ उच्च पदस्थ अधिकारियों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे। ताजा मामला हमीरपुर से सामने आया है, जहां एक न्यायिक अधिकारी से करीब छह लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। आरोपी महिलाओं ने खुद को बैंक और फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बताकर हाई रिटर्न वाली निवेश योजना का लालच दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिसंबर 2025 में एक महिला ने फोन के माध्यम से न्यायिक अधिकारी से संपर्क किया। उसने स्वयं को बैंक प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि उनका बैंक खाता निष्क्रिय हो गया है और उसे सक्रिय करने के लिए 2,360 रुपये जमा करवाने होंगे। विश्वास में आकर अधिकारी ने बताई गई राशि जमा कर दी।
इसके कुछ समय बाद महिला ने म्यूचुअल फंड और मनी बैक जैसे प्लान में निवेश का प्रस्ताव रखा। शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश करवाए गए। इसके बाद उन्हें अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया, जहां आकर्षक रिटर्न के दावे किए गए। इसी दौरान दूसरी महिला ने संपर्क कर खुद को एक प्रतिष्ठित फाइनेंस कंपनी की अधिकारी बताया।
Also Read
🔴 अपने क्षेत्र की खबरें पढ़ने के लिए Join Our Whatsapp Group 👉 Click Here
आरोपियों ने अधिकारी को एप्पल एप स्टोर से एक एप डाउनलोड करवाया। एप के जरिए निवेश की प्रक्रिया समझाई गई और भरोसा जीतते हुए करीब छह लाख रुपये निवेश करवा लिए गए। लगातार बढ़ते निवेश और अधिक लाभ के लालच में यह ऑनलाइन ठगी सुनियोजित तरीके से की गई।
बाद में आरोपी महिला ने 11 लाख रुपये और निवेश करने का प्रस्ताव दिया। इस पर न्यायिक अधिकारी को संदेह हुआ और उन्होंने कंपनी व योजना की सत्यता की जांच करनी चाही। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित बैंक खाता शिमला जिले के एसबीआई शाखा में स्थित बताया जा रहा है। पुलिस बैंक से लेन-देन का रिकॉर्ड जुटा रही है और जिन खातों में राशि ट्रांसफर हुई है, उन्हें फ्रीज करवाने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि ऑनलाइन ठगी की गई रकम को वापस दिलाया जा सके।
एसपी हमीरपुर बलवीर ठाकुर ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और साइबर ठगों की पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी प्रमाणिकता अवश्य जांचें, ताकि ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके।
