प्रथम इन्फोटेक और कालाअंब के एक उद्योग के सहयोग से आयोजित डिजिटल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने पेश किए डिजिटल प्रोजेक्ट्स
कालाअंब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद में विद्यार्थियों की डिजिटल दक्षता को मंच देने के उद्देश्य से एक डिजिटल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस आयोजन में प्रथम इन्फोटेक फाउंडेशन की पहल के साथ कालाअंब स्थित एसी निर्माता उद्योग का सहयोग रहा।
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल लर्निंग से जुड़े उन प्रोजेक्ट्स को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें विद्यार्थियों ने शैक्षणिक गतिविधियों के तहत स्वयं तैयार किया था। प्रथम इन्फोटेक के समन्वयक राहुल ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मकसद बच्चों को तकनीक के सकारात्मक उपयोग से जोड़ना और उनकी रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना है।
🔴 ये भी पढ़ें
उच्च शिक्षा से संबंधित जानकारी और अन्य संसाधनों का पूर्ण विवरण!
डिजिटल प्रदर्शनी में कक्षा पहली से आठवीं तक के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बच्चों ने शिक्षण सामग्री, डिजिटल मॉडल और नवाचार से जुड़े प्रोजेक्ट्स के माध्यम से अपनी समझ और कल्पनाशक्ति का प्रभावी प्रदर्शन किया। आगंतुकों ने विद्यार्थियों से उनके प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी ली और उनके उत्तरों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य शिभा खन्ना ने कालाअंब के उद्योग प्रबंधन और प्रथम इन्फोटेक फाउंडेशन का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष मनोज धीमान, समिति के सदस्य, शिक्षकगण और अभिभावक भी मौजूद रहे।
