69वीं स्कूल नेशनल हैंडबॉल गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट स्नेहा का कोटडी व्यास में भव्य स्वागत
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के विकासखंड पांवटा साहिब की ग्राम पंचायत कोटडी व्यास में 69वीं स्कूल नेशनल हैंडबॉल गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी स्नेहा के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां ग्रामीणों, खिलाड़ियों और स्कूल प्रशासन ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ गोल्डन गर्ल का स्वागत किया।
बताया गया कि हाल ही में संपन्न हुई 69वीं स्कूल नेशनल हैंडबॉल गेम्स अंडर-19 गर्ल्स प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस विजेता टीम का हिस्सा शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटडी व्यास की छात्रा स्नेहा भी रही, जिन्होंने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।
इस उपलब्धि पर स्कूल प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, एसएमसी सदस्यों और ग्रामीणों ने खिलाड़ी स्नेहा व शारीरिक शिक्षक एवं कोच धर्मेंद्र चौधरी को सम्मानित किया। समारोह के दौरान केक काटकर खुशी साझा की गई और सभी ने इस ऐतिहासिक पल को यादगार बताया।
🔴 Also Read
👉 7 फरवरी 2026 का राशिफल: आज किन राशियों को होगा Big लाभ, किसे रखना होगा खर्चों पर कंट्रोल
👉 लोक निर्माण विभाग की योजना, सड़कों, पुलों के निर्माण और रखरखाव से संबंधित जानकारी
रिटायर्ड प्रिंसिपल एवं शिक्षाविद अजय शर्मा, शास्त्री ज्योति चौधरी, पंचायत प्रधान सुरेश कुमार और अन्य वक्ताओं ने कहा कि यह सफलता केवल कोटडी व्यास ही नहीं, बल्कि पूरे जिला सिरमौर और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों, अभिभावकों और कोच के प्रयासों की सराहना की।
कोच धर्मेंद्र चौधरी ने जानकारी दी कि इससे पहले स्टेट लेवल प्रतियोगिता में स्नेहा ने कप्तान के रूप में टीम को सिल्वर मेडल दिलाया था। बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर ही स्नेहा का चयन नेशनल टीम के लिए हुआ, जहां उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।
कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान मान सिंह, पंचायत प्रतिनिधि, स्कूल स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्कूल प्रिंसिपल रघुवीर तोमर सहित शिक्षकों ने स्नेहा और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। वहीं, स्नेहा के परिवार ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए इस सम्मान के लिए धन्यवाद किया।
