शादी समारोह में दंगा मामले में पुलिस ने एक और आरोपी किया गिरफ्तार
नाहन (सिरमौर): नाहन दंगा मामले में पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सदर नाहन, जिला सिरमौर में दर्ज अभियोग संख्या 12/26 दिनांक 26 जनवरी 2026 के तहत पहले ही पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जो वर्तमान में पुलिस की रिमांड पर हैं।
पुलिस के अनुसार नाहन दंगा मामले की गहन जांच के दौरान छठे आरोपी रोहित कुमार पुत्र राजिन्द्र कुमार, निवासी गांव जैदरी, तहसील व थाना छछरोली, जिला यमुनानगर (हरियाणा), उम्र 20 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 06 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया है।
नाहन दंगा मामले में दर्ज धाराओं में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 115(2), 332(C), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
🔴 Also Read
✅ पांवटा साहिब पार्क तोड़फोड़ मामला: 02 आरोपी गिरफ्तार, जेसीबी व ट्रैक्टर जब्त
पुलिस जांच में सामने आया है कि नाहन दंगा मामले के सभी आरोपी पहले भी दंगा और मारपीट जैसी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी रोहित कुमार के खिलाफ थाना छछरोली में वर्ष 2022 में हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन है।
इसके अलावा आरोपी विशाल थाना छछरोली में दर्ज एक पुराने मामले में अदालत से सजायाफ्ता है, जबकि आरोपी आशिक के विरुद्ध भी भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज है, जो न्यायालय में लंबित है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नाहन दंगा मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, ताकि भविष्य में हिमाचल प्रदेश में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को कड़ा संदेश दिया जा सके।
