पांवटा साहिब पार्क तोड़फोड़ मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, JCB और ट्रैक्टर जब्त
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब पार्क तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस थाना पांवटा साहिब द्वारा की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर 3 वद्रीपुर और जयदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर 1 वद्रीपुर, पांवटा साहिब के रूप में हुई है।
पांवटा साहिब पार्क तोड़फोड़ मामला 23 अक्टूबर 2025 को सामने आया था, जब नगर परिषद पांवटा साहिब के कनिष्ठ अभियंता ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि फ्रेंड्स कॉलोनी, वार्ड नंबर 1 स्थित नगर परिषद के पार्क की चारदीवारी, रास्ता और टिन शेड को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया, साथ ही पार्क में लगा सामान भी चोरी कर लिया गया।
इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में अभियोग संख्या 239/2025 के तहत धारा 3 PDP Act और 303(2), 332(c), 3(5) BNS में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि भूमि मालिक की मृत्यु के बाद उसके वारिस गुरदीप सिंह ने अपने साथी जयदीप सिंह के साथ मिलकर बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के सरकारी पार्क को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाई।
🔴 ये भी पढ़ें
✅ ड्यूटी में लापरवाही पर सोलन पुलिस का Big Action, 4 जवान निलंबित, 4 होमगार्ड वापस भेजे बटालियन
✅ लोक निर्माण विभाग की योजना, सड़कों, पुलों के निर्माण और रखरखाव से संबंधित जानकारी
पुलिस जांच में पांवटा साहिब पार्क तोड़फोड़ मामले की पुष्टि CCTV फुटेज के माध्यम से भी हुई। पर्याप्त साक्ष्य जुटाए जाने के बाद पुलिस ने दिनांक 2 फरवरी 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पार्क तोड़फोड़ में प्रयुक्त एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर भी बरामद किए गए हैं।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत रिमांड पर हैं और पांवटा साहिब पार्क तोड़फोड़ मामले में चोरी किए गए सामान की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है।
सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
