मानपुरा पंचायत में झंडा रस्म के दौरान सजावटी लाइट की तार से हुआ हादसा, 20 वर्षीय अजय कुमार की गई जान
बद्दी (सोलन)। रविदास जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना बद्दी क्षेत्र की मानपुरा पंचायत के वार्ड नंबर आठ में उस समय हुई, जब युवक धार्मिक रस्म के तहत झंडा चढ़ा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अजय कुमार पुत्र रामलाल निवासी मानपुरा के रूप में हुई है। शोभायात्रा के दौरान अजय झंडा रस्म अदा कर रहा था। इसी दौरान झंडा पास के एक मकान में लगी सजावटी लाइटों की तारों के संपर्क में आ गया। तारों में प्रवाहित करंट झंडे के माध्यम से अजय तक पहुंच गया, जिससे उसे तेज झटका लगा और वह मौके पर ही गिरकर बेहोश हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने अजय को उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की असामयिक मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और जयंती का कार्यक्रम मातम में बदल गया।
🔴 ये भी पढ़ें
👉 शिलाई में चिट्टा/हैरोईन के साथ 03 युवक गिरफ्तार, NH-707 पर पुलिस का Big Action
👉 बैंकिंग और बीमा से संबंधित सेवाओं की जानकारी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी अशोक वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से धार्मिक व सार्वजनिक आयोजनों के दौरान विद्युत सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
