सोलन: बद्दी क्षेत्र में चिट्टा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो मामलों में 10.78 ग्राम हेरोइन बरामद
बद्दी (सोलन): बद्दी क्षेत्र से मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 10.78 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक कार और एक बाइक को भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला मानपुरा क्षेत्र के अंतर्गत अभिपुर गांव के समीप का है। यहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर एक कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार चालक हकीमदीन उर्फ किम्मू निवासी गुरमाजरा के कब्जे से 1.98 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। आरोपी कथित तौर पर मादक पदार्थ की सप्लाई की फिराक में था।
🔴 ये भी पढ़ें
👉 पांवटा साहिब में 1396 नशीले कैप्सूल बरामद, माजरा में पकड़ी अवैध शराब | Big Action
👉 हिमाचल प्रदेश पुलिस की समस्त जानकारी यहां उपलब्ध है!
दूसरा मामला नालागढ़ क्षेत्र से सामने आया है। नालागढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि न्यू नालागढ़ इलाके में सुरेंद्र पब्लिक स्कूल के पास एक युवक बाइक पर चिट्टा सप्लाई करने की तैयारी में है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर आरोपी अनमोल निवासी वार्ड नंबर सात, नालागढ़ को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 8.80 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
एएसपी अशोक वर्मा ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किन लोगों से जुड़े हुए थे और नशे की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।
