शहीदी दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय नाहन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित
नाहन (सिरमौर)। शहीदी दिवस के अवसर पर आज उपायुक्त कार्यालय नाहन में भारत की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों की स्मृति में अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने कहा कि शहीदी दिवस हर वर्ष 30 जनवरी को पूरे देश में मनाया जाता है और यह दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि शहीदी दिवस हमें उन वीर सपूतों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आज़ादी, अखंडता और संप्रभुता के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
🔴 ये भी पढ़ें
👉 पांवटा साहिब में 1396 नशीले कैप्सूल बरामद, माजरा में पकड़ी अवैध शराब | Big Action
👉 बैंकिंग और बीमा से संबंधित सेवाओं की जानकारी।
उपायुक्त ने कहा कि शहीदी दिवस केवल स्मरण का नहीं, बल्कि आत्ममंथन का दिन भी है। यह दिवस हमें शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे शहीदों के सपनों के अनुरूप एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण के लिए पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण भाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदी दिवस पर शहीदों को नमन करते हुए देश सेवा के प्रति अपने कर्तव्यों को निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया।
