कांगड़ा: PTC डरोह में फिर गूंजे परेड के कदम, 1296 पुलिस प्रशिक्षु 1 फरवरी से शुरू करेंगे ट्रेनिंग
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) डरोह एक बार फिर अनुशासन, परेड और खाकी वर्दी की चहल-कदमी से गुलजार हो उठा है। करीब चार वर्षों के लंबे अंतराल और कोरोना काल के बाद प्रदेश भर से चयनित नए पुलिस प्रशिक्षुओं का पीटीसी डरोह पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे संस्थान में रौनक लौट आई है।
इस बार कुल 1296 पुलिस प्रशिक्षु पीटीसी डरोह में बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इनमें 320 महिला पुलिस प्रशिक्षु भी शामिल हैं, जो प्रदेश पुलिस में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। 28 से 30 जनवरी तक सभी पुलिस प्रशिक्षुओं के दस्तावेजों की जांच, चिकित्सीय परीक्षण और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
पीटीसी डरोह प्रशासन की ओर से प्रशिक्षुओं के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और प्रशिक्षण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पहले ही पूरी कर ली गई हैं। प्रशिक्षण परिसर में अनुशासन और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि प्रशिक्षण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।
🔴 ये भी पढ़ें
👉 Today Horoscope 29 January 2026: जानें सभी 12 राशियों का आज का भविष्य, करियर-धन-स्वास्थ्य का हाल
👉 हिमाचल प्रदेश खेल एवं युवा सेवा से जुड़े मामले, योजनाएं और अन्य विवरण!!
प्रशिक्षण कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत 31 जनवरी को होगी, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं पीटीसी डरोह पहुंचकर नए चयनित पुलिस कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके बाद 1 फरवरी से नौ महीने का कठोर मूलभूत प्रशिक्षण कोर्स (आरटीसी) शुरू किया जाएगा, जिसमें पुलिस प्रशिक्षुओं को कानून व्यवस्था, शारीरिक दक्षता, परेड, हथियार प्रशिक्षण और व्यवहारिक ज्ञान दिया जाएगा।
लगभग दो वर्षों के सन्नाटे के बाद पीटीसी डरोह में पुलिस प्रशिक्षुओं की वापसी से न केवल प्रशिक्षण संस्थान बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी गतिविधियां बढ़ी हैं। यह प्रशिक्षण सत्र प्रदेश पुलिस को नई ऊर्जा और सशक्त मानव संसाधन प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
