चंद्रेश्वर महादेव क्रिकेट ट्रॉफी का भव्य समापन, व्यास टीम बनी विजेता
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कोटड़ी व्यास स्थित वेद व्यास मंदिर परिसर में आयोजित पहली चंद्रेश्वर महादेव क्रिकेट ट्रॉफी का समापन गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पंचायत स्तर पर आयोजित इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की छह स्थानीय पंचायतों की टीमों ने भाग लिया, जिससे ग्रामीण युवाओं में खेल के प्रति उत्साह देखने को मिला।
टूर्नामेंट का शुभारंभ पीटीआई सेवानिवृत्त जयप्रकाश तथा भूतपूर्व प्रधान रूपिंदर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खेल को वर्तमान युग में युवाओं के लिए संजीवनी बताते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन और सकारात्मक सोच भी पैदा करता है।
🔴 Also Read :
👉 त्रिलोकपुर स्कूल में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया, एनसीसी-एनएसएस की परेड बनी आकर्षण
👉 हिमाचल प्रदेश खेल एवं युवा सेवा से जुड़े मामले, योजनाएं और अन्य विवरण!!
फाइनल मुकाबले में व्यास टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की, जबकि कोटड़ी टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में मुख्य अतिथि अर्जुन सिंह ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि चंद्रेश्वर महादेव क्रिकेट ट्रॉफी जैसे आयोजन युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर एस.एस. चौधरी, इंजीनियर एवं सरकारी ठेकेदार ने जय शिवा स्पोर्ट्स क्लब की पूरी टीम को स्पोर्ट्स किट (लोअर व टी-शर्ट) भेंट की। उन्होंने युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहने की अपील की। जय शिवा स्पोर्ट्स क्लब ने सहयोग के लिए एस.एस. चौधरी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में डीपीई प्रभात, कला अध्यापक विजय, सेवानिवृत्त अध्यापक जयप्रकाश, भूतपूर्व प्रधान रूपिंदर सहित शिवा स्पोर्ट्स क्लब के सभी सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने चंद्रेश्वर महादेव क्रिकेट ट्रॉफी के सफल आयोजन को क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं के लिए एक सकारात्मक पहल बताया।
