नाहन चौगान गणतंत्र दिवस समारोह में विधानसभा अध्यक्ष ने फहराया ध्वज, ली भव्य परेड की सलामी
नाहन (सिरमौर), 26 जनवरी। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह नाहन चौगान में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। नाहन चौगान गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर भव्य परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर आयोजित परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस तथा विभिन्न स्कूलों की कुल 16 टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड का नेतृत्व पुलिस उप निरीक्षक अच्छर सिंह ने किया। नाहन चौगान गणतंत्र दिवस समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जिला व प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत ने अपना संविधान अपनाकर स्वयं को एक संप्रभु गणतंत्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के नागरिकों ने सदैव संविधान के मूल्यों, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत किया है। नाहन चौगान गणतंत्र दिवस समारोह में उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि बीते तीन वर्षों में संसाधनों के बेहतर उपयोग से राज्य को 26 हजार 683 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।
🔴 ये भी पढ़ें : 👉 भारी बर्फबारी भी नहीं रोक सकी शादी, 7 KM पैदल चली बारात | मंडी सराज की Inspiring Story
👉. प्रमाणित खबरें व्हाट्सअप ग्रुप जॉइन करें click करें
विधानसभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां निराश्रित बच्चों को “चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट” का दर्जा दिया गया है। इसके तहत लगभग छह हजार बच्चों की शिक्षा, आवास, स्टार्टअप और अन्य सुविधाओं की जिम्मेदारी सरकार उठा रही है।
इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने डॉ. यशवंत सिंह परमार स्मारक और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। नाहन चौगान गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्कूलों एवं संस्थानों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
समारोह में जिला सिरमौर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 29 पुलिस कर्मियों, 3 वन विभाग कर्मियों, रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष मनीष जैन सहित परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक नाहन अजय सोलंकी, सचिव विधानसभा यशपाल शर्मा, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी, पूर्व विधायक अजय बहादुर सहित विभिन्न विभागों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
