भारी बर्फबारी में भी नहीं रुकी शादी, 7 किलोमीटर पैदल चली बारात |
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की सराज घाटी में भारी बर्फबारी के बीच एक अनोखी और प्रेरणादायक शादी देखने को मिली। 3 से 4 फीट तक जमी बर्फ, बंद सड़कें और कड़ाके की ठंड के बावजूद दूल्हा गितेश ठाकुर अपनी बारात लेकर करीब 7 किलोमीटर पैदल चलकर दुल्हन के गांव पहुंचा। शादी संपन्न होने के बाद दुल्हन उषा ठाकुर भी पैदल ही अपने ससुराल पहुंचीं।
यह विवाह 23 जनवरी को सराज विधानसभा क्षेत्र की केओली पंचायत के बुनालीघार गांव निवासी गितेश ठाकुर का था। बारात भैचड़ी गांव जानी थी, लेकिन उसी दिन मंडी जिले में अचानक भारी बर्फबारी शुरू हो गई, जो देर रात तक जारी रही। जंजैहली, बगस्याड, लम्बाथाच कल्हणी, शैट्टाधार और थुनाग सराची सहित पूरे क्षेत्र में कई फीट बर्फ जम गई, जिससे सभी सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हो गईं।
हालात कठिन होने के बावजूद विवाह टालने के बजाय दूल्हा पक्ष ने पैदल ही बारात ले जाने का फैसला किया। बर्फ से ढके रास्तों पर सावधानीपूर्वक चलते हुए बारात दुल्हन के गांव पहुंची, जहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। इस अनोखी शादी ने क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया और लोगों ने दूल्हा-दुल्हन के साहस व दृढ़ संकल्प की सराहना की।
🔴 ये भी पढ़ें :
👉 हिमाचल प्रदेश खेल एवं युवा सेवा से जुड़े मामले, योजनाएं और अन्य विवरण!!
